गोरखपुर/बस्ती। ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी (संवर्ग क) एवं समाज कल्याण पर्यवेक्षक (सामान्य चयन) की यूपीएसएसएससी की ओर से आयोजित पुनर्परीक्षा में मंगलवार को गोरखपुर और बस्ती में नौ सॉल्वर गिरफ्तार किए गए। इनमें से तीन बस्ती और छह गोरखपुर में पकड़े गए। इनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बस्ती में जीजीआईसी में द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान जांच में दो सॉल्वर पकड़े गए। यहां देवरिया के आशीष चतुर्वेदी की जगह बिहार के पश्चिमी चंपारण का प्रकाश कुमार और देवरिया के ही सत्य प्रकाश गोंड की जगह बिहार के मधुबनी का मिथिलेश कुमार परीक्षा दे रहे थे। तीसरा सॉल्वर प्रद्मुम्न सिंह फार्मेसी कॉलेज में पकड़ा गया। यहां बिहार के नालंदा निवासी अजीत कुमार देवरिया के बरसीपार मिश्र निवासी अविनाश की जगह परीक्षा में शामिल हुआ था। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उधर, गोरखपुर में सरस्वती शिशु मंदिर से प्रदीप कुमार, दयानंद इंटर कॉलेज से सौरभ सिंह, धर्मेंद्र शर्मा, सरस्वती बालिका विद्यालय से विनोद कुमार, राहुल यादव और नेहरू इंटर कॉलेज से प्रवीन चौहान को दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। संवाद >> प्रदेश भर में 87 पकड़े : पेज 9
एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने सोमवार को भी तीन सॉल्वरों को गिरफ्तार किया था।