छावनी। थाना क्षेत्र में फोरलेन पर बाइक सवार युवक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित कंटेनर चाय पान की दुकान में घुस कर पलट गया। इस दौरान ट्रक के नीचे से धुंआ उठने पर ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड बुला ली। घटना फोरलेन पर नाल्हीपुर गांव के सामने अयोध्या-बस्ती लेन पर हुई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। नाल्हीपुर निवासी शिव प्रकाश सोनी की चाय पान की दुकान में रविवार की शाम अनियंत्रित कंटेनर घुस गया। दुकान में रखे ठंडा पेय, खान पान के सामान, काउंटर, भट्ठी, पिलर आदि क्षतिग्रस्त हो गया। दुकान में मौजूद लोगों ने भाग कर जान बचाई। कंटेनर चालक इंदौर से फास्ट फूड बनाने का सामान लादकर गुआहाटी जा रहा था। कंटेनर चालक भाग गया। मौके से ग्रामीणों ने खलासी अब्दुल रहमान निवासी खाबड़िया, थाना मुंडा पांडेय, जिला मुरादाबाद को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। आग बुझाने फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंच गई। संवाद