भतीजे से हत्यारे खेल गए खून की होली, 20 फिट दूर सोए रह गए चाचा-चाची
संवाद न्यूज एजेंसी
सल्टौआ। दीपक चौरसिया हत्याकांड में सबसे ज्यादा कचोटने वाली बात यह है कि उसके बिस्तर से बमुश्किल 20 फीट दूर सो रहे चाचा, चाची और उनके बच्चों को भनक तक नहीं लगी। कमरे से आठ-दस फीट दूरी पर सो रही मृतक की दादी काफी वृद्ध और अपाहिज हैं, इसलिए उन्हें नजरअंदाज किया जा सकता है। लेकिन इतने नजदीक सो रहे भतीजे के खून की होली खेलकर हत्यारे चले गए और उन्हें जरा भी भनक नहीं लगी, यह बात किसी को हजम नहीं हो रही है।
सड़क के किनारे स्थित रामशंकर के मकान का बाहर का बरामदा बड़ा है। इसके दोनों तरफ कमरे बने हैं। उसके आधे हिस्से में उनका और दूसरे हिस्से में उमाशंकर उर्फ बबलू का परिवार रहता है। बरामदे वाले कमरे में दीपक एक तख्त डालकर सोता था। कमरे के बाहर उसकी दादी सोती हैं। उनकी देखभाल की वजह से दीपक कमरा खोलकर सोता था। हत्यारोपियों को इसीलिए उस तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं हुई।
खेती और ट्रैक्टर-भूसा मशीन आदि चलाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले राम शंकर चौरसिया की पहली पत्नी की 2014 में मौत हो गई थी जिससे दो बेटे दीपक उर्फ रामजी और श्याम जी के अलावा एक बेटी पूजा है। 2017 में राम शंकर ने दूसरी शादी कर ली थी। उनकी दूसरी पत्नी की पहले से ही सुनैना और शालू दो बेटियां थीं। इस तरह उनके परिवार में पहली पत्नी के तीन और दूसरी पत्नी के दो बच्चे साथ रहते थे।
...
अध्यापक बनना चाहता था दीपक
जवान बेटे की हत्या से पिता राम शंकर टूट चुके हैं। वह कहते हैं कि हत्यारों ने उन्हें कहीं का नहीं छोड़। बताते हैं कि दीपक उर्फ रामजी अध्यापक बनना चाहता था। बभनान डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई करने के बाद दीपक उर्फ रामजी बीएड करना चाहता था, लेकिन इस बार एडमिशन नहीं हो पाया था, जिसे लेकर वह परेशान रहता था। पिता के मुताबिक उनका छोटा बेटा श्यामजी कुछ महीने पहले बिल्डंग का काम करने गोवा गया था, जो शनिवार को ही घर आने के लिए ट्रेन पर बैठ चुका है।
...
टिकट घोटाले में जेल जा चुका है हत्यारोपी बबलू
- हत्यारोपी चाचा उमाशंकर उर्फ बबलू शातिर दिमाग का बताया जा रहा है। उसकी सल्टौआ में पान की दुकान है और वह टाटा मैजिक भी चलवाता है। कुछ वर्ष पहले रेलवे का अवैध टिकट बनाने के मामले में मुंबई पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले गई थी। करीब डेढ़ वर्ष तक वह जेल में रहा। मृतक के पिता राम शंकर के मुताबिक उमाशंकर और उसकी पत्नी अक्सर किसी न किसी बात पर झगड़ा करते थे। जबकि छह बीघा खेती में से एक बीघा मां के लिए हिस्सा छोड़कर आधा हिस्सा उसे दे दिया था। मकान में भी उसे आधा हिस्सा दिया गया था। बावजूद इसके पति-पत्नी झगड़े का कोई मौका नहीं छाेड़ते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हीं दोनों ने अपने दुकान पर रहने वाले लड़के और मैजिक के चालक को भेजकर हत्या करवा दी
...
पोस्टमार्टम में सिर में तीन घाव मिले
पोस्टमार्टम में सिर में तीन घाव और एक चोट कंधे पर पाई गई। कान के पास कुल्हाड़ी जैसे किसी भारी व धारदार हथियार से दो वार किए गए हैं।उसी को उल्टा कर उसके चौड़े हिस्से से एक तगड़ा वार सिर के बीच में किया गया है, जिससे सिर के पीछे का हिस्सा अंदर की तरफ घुस गया है।
...
घर के बाहर लगा है सीसीटीवी कैमरा
सड़क के किनारे घर होने की वजह से दीपक ने बाहर की तरफ सीसीटीवी कैमरा लगा रखा है। चूंकि बाहर ट्रैक्टर आदि खड़े रहते हैं, इसलिए उनकी निगरानी के लिए वह कैमरे लगाए हुए था। पुलिस ने उसका फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा डाग स्क्वाॅयड की मदद से भी पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं।