बस्ती। पिकअप पर बैठकर अयोध्या मंडी में सब्जी बेचने जा रहे छावनी थाना क्षेत्र के बाघानाला गांव निवासी दो युवकों की शुक्रवार सुबह सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार बाघानाला निवासी जगन्नाथ निषाद (24) पुत्र माझा लाल व लल्लू निषाद (31) पुत्र धनीराम शुक्रवार सुबह अयोध्या मंडी में सब्जी बेचने जा रहे थे। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुलिस बूथ नंबर चार के पास होटल रामायणा के पास विपरीत दिशा में आ रही एक रोडवेज बस ने पिकअप में साइड से चपेट में ले लिया। अनियंत्रित पिकअप क्षतिग्रस्त हो कर डिवाइडर से टकरा गई। घटना में पिकअप चालक रंगीला निवासी बभनान बस्ती गंभीर रूप से घायल हो गया।जबकि जगन्नाथ निषाद व लल्लू निषाद पिकअप की केबिन में फंस गये और मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पहुंची अयोध्या पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया। जानकारी मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे।
दोनों प्रतिदिन मंडी ले जाते थे सब्जी
दोनों युवक प्रतिदिन माझा क्षेत्र में तैयार विभिन्न प्रकार की सब्जियां पिकअप पर लादकर अयोध्या मंडी में बेचने ले जाते थे। घटना में मृत बाघानाला गांव निवासी दोनों युवक पड़ोसी थे। सरयू के दोआबा में सब्जी की खेती करने वाले माझालाल निषाद के तीन पुत्रों में मृतक जगन्नाथ निषाद मंझला था। उसकी शादी नहीं हुई थी। जबकि माझालाल के पड़ोसी लल्लू की दो संतानें हैं। उसकी पत्नी प्रमिला घटना सुनकर अचेत हो गयी। सभी परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।