रक्सौल से आनंद बिहार जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस के एस टू कोच से आरपीएफ ने 4.318 किलोग्राम चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। महराजगंज जिले के सिसवा बाजार और घुघली रेलवे स्टेशन के बीच जांच के दौरान यह सफलता मिली। हकीकत जानने के बाद ट्रेन में सफर कर रहे यात्री दंग रह गए।
आरपीएफ के अनुसार बरामद चरस की कीमत 11 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों तस्कर बिहार प्रांत के रहने वाले हैं। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर आरपीएफ कप्तानगंज और पोस्ट नरकटियागंज की टीम बुधवार को सिसवा बाजार और घुघली के बीच ट्रेनों में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान गाड़ी संख्या 15273 के कोच एस-टू के दरवाजे के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए।
तलाशी लेने पर दोनों के पास से कुल 14 पैकेट चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान तराबुल पुत्र सकुर निवासी गौरीपुर शेख टोला, थाना बलथर, जिला पश्चिमी चंपारण और जोगिंदर प्रसाद पुत्र रामस्वरूप शाह निवासी बेलवानीया, थाना मैनाटाड़, जिला पश्चिमी चंपारण के रूप में हुई।
तराबुल के पास से 2.150 किलोग्राम और जोगिंदर के पास से 2.168 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दोनों आरोपियों को बराम चरस के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी गोरखपुर को सौंप दिया गया। नरकटियागंज और कप्तानगंज आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई हुई। प्रभारी निरीक्षक परमेश्वर कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।