बस्ती। परिवहन निगम के बेड़े में दो और बसें शामिल हो गई हैं। यह बसें यात्रियों को सीधे दिल्ली तक का सफर कराएंगी, राजधानी सेवा के नाम से शुरू की गईं बसों में यात्रियों को 10 प्रतिशत अधिक किराया देना पड़ेगा। अभी बसों के संचालन की समय सारिणी तय नहीं की गई है।
अब जिले से दिल्ली आना जाना और भी आसान हो जाएगा। परिवहन निगम की राजधानी सेवा यात्रियों को कम समय में दिल्ली में तक की यात्रा कराएगी। उल्लेखनीय है कि अभी डिपो बसें लखनऊ, कानपुर होकर दिल्ली आती जाती हैं। लेकिन, राजधानी सेवा नए रूट से संचालित की जानी है। सोमवार को दोनों बसें बिरहारघाट से कौशांबी के रास्ते दिल्ली भेजी गईं हैं। एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि राजधानी सेवा कम समय में यात्रियों को दिल्ली ले जाएगी। इसका किराया 10 प्रतिशत अधिक रखा गया है। अभी संचालन की समय सारिणी निर्धारित नहीं की गई है। जल्द ही इसका भी निर्धारण हो जाएगा।