बस्ती। पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के बस्ती-सेमरियावां मार्ग पर कोड़रा पेट्रोल पंप के नजदीक मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक के परखचे उड़ गए। दोनों बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान घायल विनय कुमार पांडेय की मौत हो गई।
कलवारी थाने के पड़री निवासी विनय कुमार पांडेय (34) पुत्र शिव नारायण पांडेय मंगलवार को अपने किसी मित्र से मिलने पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बागडीह बाइक से जा रहे थे। बाइक पर मनोज कुमार (42) पुत्र शिवमूर्ति निवासी भिखरिया थाना दुबौलिया भी सवार थे। पुलिस के अनुसार, सेमरियावां मार्ग की सड़क ऊबड़-खाबड़ होने की वजह से कोड़रा पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बाइक से इनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर रुधौली थाना क्षेत्र के डडवा खुर्द निवासी सत्येंद्र सवार थे। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हडिया चौकी पुलिस ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। यहां शाम करीब सवा छह बजे इलाज के दौरान विनय ने दम तोड़ दिया। परिवार के लोगों को पुलिस के जरिए सूचना दी गई।