सड़क हादसे में दुकानदार सहित दो की मौत
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में पान विक्रेता युवक और बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
पहली घटना कोतवाली के डारीडीहा भदेश्वरनाथ मार्ग पर हुई। डारीडीहा निवासी प्रकाश निषाद (18) पुत्र प्रेमनाथ की मौत हो गई। प्रकाश निषाद घर से थोड़ी दूरी पर गुमटी में पान बेचते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की देर शाम करीब सात बजे वह अपने घर के पास सड़क किनारे खड़े थे। तभी बाइक पीछे से आई। वह उसकी चपेट में आ गए। बाइक में फंसकर प्रकाश कुछ दूर तक घिसटते रहे और बाइक उनके ऊपर चढ़ गई। हादसे में घायल बाइक सवार मौके से भाग गया। प्रकाश को अंदरूनी चोट आई और जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, एक अन्य घटना में कोतवाली क्षेत्र में मूड़घाट के पास बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। शहर के धोबी टोला बैरिहवां निवासी ननकू देवी (70) पत्नी बनारसी अपनी बेटी गुड़िया के साथ लखनऊ गई थीं। चार नवंबर को दोनों लौट रहे थे। बेटी गुड़िया ने बताया कि भोर में मूड़घाट के पास बस से उतरने के बाद मां ननकू देवी सड़क पार कर रही थीं। तभी किसी वाहन की चपेट में आ गईं। गंभीर चोट आने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन व उसके चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।