महादेवा। लालगंज थाना क्षेत्र के महादेवा चौराहे पर बुधवार को पुलिस चौकी से करीब 50 मीटर दूरी पर बस्ती–महुली मार्ग पर दो चार पहिया वाहनों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक युवक घायल हो गया। लेकिन एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, महादेवरी थाना हरैया निवासी विजय शुक्ला 50 वर्ष अपनी कार से बस्ती से महुली जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार की महादेवा चौराहे के पास आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। एक कार में अभिनंदन मिश्रा के साथ हर्ष दुबे और अखिलेश यादव भी सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का एयरबैग खुल गया, जिससे कार में सवार तीनों युवक बाल-बाल बच गए। हादसे में हर्ष दुबे को मामूली चोटें आईं, जिनका स्थानीय चिकित्सालय में उपचार कराया गया। सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारु कराया।