बस्ती। गांधीनगर स्थित एटीएम से 69 हजार रुपये गायब करने के मामले में हैकर की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस की तीन टीमें इस पर लगातार माथापच्ची कर रही हैं। पिछले कुछ वर्षों में एटीएम से जुड़े फ्राड में पकड़े गए करीब-करीब सभी बदमाशों की तस्दीक पुलिस कर चुकी है। मगर किसी का हुलिया उन बदमाशों से मेल नहीं खाता, जो सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे हैं। पुलिस का मानना है कि किसी नए गिरोह ने इस घटना को अंजाम दिया होगा। टीमें उनकी जड़ तलाशने में जुटी हुई हैं।
फुटेज में दिख रहे दोनों बदमाशों में एक लंबी कद काठी का है। उसकी लंबाई करीब पांच फिट आठ इंच होगी। जबकि दूसरा उससे करीब चार इंच छोटा नाटे कद का दिख रहा है। शर्ट-पैंट्स और स्पोर्ट्स शूज पहने दोनों बेखौफ होकर एटीएम बूथ में पहुंचते हैं। उनकी गतिविधि देखने वाले समझे होंगे कि वह दोनों एटीएम के टेक्नीशियन हैं। पिट्ठू बैग में रखे औजार निकालकर उनमें से ठिगने कद का बदमाश मशीन की कैबिनेट खोलने लगता है। जबकि दूसरा पोस्टर पर लिख हेल्पलाइन नंबर चिपकाता है। दो घंटे बीस मिनट के भीतर दोनों दो बार वहां पहुंचते हैं। पहली बार मशीन में छेड़छाड़ करते हैं और दूसरी बार कैबिनेट खोलकर उसमें से कार्ड निकालकर ले जाते हैं। हालांकि दूसरी बार आते-जाते तो वे दिख रहे हैं लेकिन कार्ड निकालते नहीं दिख रहे हैं।
-
यह है मामला
- सोमवार को दिन में 3.10 बजे शहर के गांधीनगर दरिया खां मोड़ के पास लगे एक्सिस बैंक के एटीएम पर मिल्लतनगर निवासी अफ्फान अपने भाई नवील अहमद के साथ पिता का एटीएम कार्ड लेकर रुपये निकालने गए। अफ्फान एटीएम कार्ड मशीन में इंटर किए तभी वह अंदर फंस गया। वहां बोर्ड पर लगे टोल फ्री नंबर पर कॉल करके शिकायत की। जवाब मिला कि इंजीनियर छह बजे तक उपलब्ध हो पाएंगे। उसके बाद ही कार्ड मिल पाएगा। इसके बाद अफ्फान अपने भाई के साथ घर चले गए। आधे घंटे बाद उन्हें अनजान नंबर से फोन करके उन्हें एटीएम पर बुलाया गया। जब तक वह एटीएम पहुंचते तब तक उनके पिता अदील अहमद के खाते से तीन बार में क्रमश: 49 हजार 999 रुपये, 9500, 9500 कुल 68,999 रुपये निकाल लिए गए। इसमें 49,999 रुपये की ऑन लाइन शापिंग, बाकी 19 हजार रुपये किसी दूसरे एटीएम से निकालने की पुष्टि हुई।
-