अमेठी सिटी। थाना क्षेत्र गौरीगंज में टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह दो ट्रक आपस में टकरा गए। दुर्घटना में एक ट्रक चालक की मौत हो गई तो परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि दूसरे ट्रक का चालक व परिचालक सुरक्षित बच गए।
बस्ती जिले के कलवारी थाने के पाकरडांड गांव निवासी सुनील कुमार (26) ट्रक लेकर मध्य प्रदेश के कबराई गिट्टी लेने जा रहा था। गौरीगंज थाने से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे पर काजीपट्टी के पास दूसरे ट्रक से टकरा गया। दुर्घटना में सुनील कुमार व साथ मौजूद परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि दूसरे ट्रक का चालक व परिचालक मौके से फरार हो गए।
मौके पर पहुंचे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने सुनील कुमार को मृत घोषित करते हुए एक अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को जानकारी देते हुए मामले में कार्रवाई में जुट गई। एसएचओ अमर सिंह ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद केस दर्ज कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।