महराजगंज(छावनी)। फोरलेन पर छावनी थानाक्षेत्र के राम रेखा पुल पर बाइक सवार को बचाने के लिए चालक ने पुल के रेलिंग की तरफ ट्रक मोड़ दिया। जिससे पुल तो क्षतिग्रस्त हो गया लेकिन बाइक सवार बाल-बाल बच गया। ट्रक चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम ने यातायात बहाल कराया।
अमेठी जिले के गौरीगंज टिकरिया से 640 बोरी सीमेंट लादकर एक ट्रक सोमवार को सिद्धार्थनगर जिले के इटवा बाजार जा रहा था। सोमवार की सुबह 6:45 बजे जैसे ही ट्रक छावनी कस्बा पार करके रामरेखा पुल के निकट पहुंचा तभी पीछे से अज्ञात भारी वाहन टक्कर मार दिया। जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक की तरफ बढ़ने लगा। उसको बचाने के चक्कर ट्रक चालक ने गाड़ी को पुल की तरफ मोड़ दिया, जिससे पुल क्षतिग्रस्त हो गया। चालक दिनेश यादव भीटी जिला अम्बेडकर नगर ने कूदकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। संवाद