फोरलेन पर ट्रक व रोडवेज बस में भिड़ंत, दस यात्री घायल
छावनी थानाक्षेत्र के रेडवल के पास हुआ हादसा
ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लेने की वजह से हुआ हादसा
महराजगंज/छावनी (बस्ती)। फोरलेन पर नाल्हीपुर के पास यात्रियों को लेकर गोरखपुर जा रही रोडवेज बस की ट्रक से भिड़ंत हो गई। बस चालक सहित 10 यात्री घायल हो गए। पुलिस और एनएचएआई कर्मियों ने बस में फंसे घायल यात्रियों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गोरखपुर डिपो की बस लखनऊ से यात्रियों को लेकर गोरखपुर जा रही थी। बुधवार देर रात डेढ़ बजे छावनी थाना क्षेत्र के नाल्हीपुर (रेडवल) गांव के पास बस के आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगाकर गाड़ी रोक दी। इससे बस पीछे से ट्रक में जा टकराई।
बस का अगला हिस्सा छतिग्रस्त हो गया। कुछ देर तक हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस और एनएचएआई कर्मियों ने सुरक्षित यात्रियों को दूसरे साधन से गंतव्य भिजवाया। हादसे में बस चालक प्रमाशंकर राय ( 52) निवासी शेखपुरा थाना भरवलपुर जिला गाजीपुर, मनीष मिश्रा (30) निवासी सोनपाकर थाना कप्तानगंज कुशीनगर, विनोद पाल (28) निवासी पिपराखेड़ा थाना गंगाघाट जिला उन्नाव, बदरे आलम (25) निवासी नचौड़ी थाना कोठीभार जिला महराजगंज, पल्लू (55) निवासी गांव पिपराखेड़ा थाना गंगाघाट जिला उन्नाव, सलाउद्दीन (30) नवी बैजनाथ पुर थाना कोठीभार जिला महराजगंज, बस के परिचालक मनीष सिंह व तीन अन्य घायल हो गए। बस में 20 यात्री सवार थे।
बस्ती के एआरएम सर्वजीत वर्मा ने घायलों से अस्पताल में मुलाकात की। गोरखपुर के एआरएम महेशचंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लेने से हादसा हुआ।
...
छावनी का रेडवल बना नया डेंजर जोन
छावनी थाना क्षेत्र के रेडवल गांव का एरिया नया डेंजर जोन बनता जा रहा है। यहां पर अब तक दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है। 20 अगस्त की सुबह सात बजे पिकअप का टायर बदलते समय ट्रेलर ने टक्कर मार दी थी। हादसे में रविंद्र निवासी बांसी थाना गोला कोतवाली जनपद लखीमपुर खीरी और अफजल बैर निवासी जादमपुर गौरैया शरीफ, थाना कोतवाली पूरनपुर, जनपद पीलीभीत की घटनास्थल पर मौत हो गई थी। क्षेत्र के अवनीश श्रीवास्तव, प्रिंस शुक्ला, शिवम गुप्ता का कहना है कि अधिकतर दुर्घटना अयोध्या से बस्ती वाली लेन पर होती हैं। एनएचएआई के सेप्टी मैनेजर श्याम अवतार शर्मा ने बताया कि जल्द ही यहां पर दुर्घटना को रोकने का प्रबंध किया जाएगा।