बड़ेवन-कंपनी बाग सड़क चौड़ीकरण के चलते काटे जा रहे थे पेड़
बिजली कर्मियों ने लाइन पर चढ़ने वाली सीढ़ी लगाकर रोका ट्रैफिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बड़ेवन-कंपनी बाग सड़क चौड़ीकरण का कार्य कर चल रहा है। इसकी जद में आए पेड़ों की कटाई शुक्रवार को शुरू हुई तो फव्वारा तिराहा पर अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, बिना ट्रैफिक डायवर्जन और पर्याप्त सुरक्षा बल के पेड़ाें की कटाई शुरू करा दी गई। बिजली कर्मियों की सूझबूझ के चलते स्थिति असंतुलित होने से बची।
जानकारी के अनुसार, बड़ेवन-कंपनी बाग सड़क चौड़ीकरण का कार्य 30 जून तक पूरा करने के निर्देश प्रशासन ने दिए हैं। फव्वारा तिराहा से कंपनी बाग तक शुक्रवार को बिना किसी पूर्व तैयारी के पेड़ों की कटाई शुरू करा दी गई। चूंकि इस तिराहे पर शहर की ट्रैफिक का सर्वाधिक अधिक भार होता है, ऐसे में बिना तैयारी जब पेड़ काटकर गिराए जाने लगे तो चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई।
कोई अपनी गाड़ी लेकर तो पटरी व्यवसायी ठेला लेकर भागने लगे। स्थल पर पुलिस कर्मी भी एक्का-दुक्का नजर आए, जो ट्रैफिक रोकने में नाकाम रहे। मौके की नजाकत को भांपते हुए विद्युत निगम के कर्मचारी अपनी ओवर हाईट सीढि़यों को सड़क के बीच लगाकर ट्रैफिक को कंट्रोल किया। तब जाकर खंभों से बिजली के तार उतारे गए और काम आगे बढ़ा।