बस्ती। नगर पंचायत गायघाट के बाबा चेतनदास नगर वार्ड स्थित हनुमान मंदिर के पास खुले में रखे ट्रांसफॉर्मर से आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नगर पंचायत की प्रमुख बाजार होने के चलते यहां पर हजारों की संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं। ट्रांसफाॅर्मर के बगल से खेती करने वाले किसानों का भी आना-जाना लगा रहता है।
यहां पर बृहस्पतिवार और रविवार को बाजार भी लगता है। बनहरा, पियारेपुर, मरवटिया, पिपरा, बंजारी जोत, जगदीशपुर सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोग सब्जी, किराना, कपड़े व अन्य जरूरत के सामान खरीदने आते हैं। दुकानदार प्रद्युम्न शुक्ला ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर उसके दुकान के परिसर में है। यहां पर ग्राहकों का आना-जाना लगा रहता है। मगर, बिजली निगम ध्यान नहीं दे रहा है। एक अन्य दुकानदार शिव कुमार मौर्य का कहना है खुले में रखे ट्रांसफाॅर्मर के पास से गुजरने पर करंट लगने का भय बना रहता है। संवाद