बगल के प्लांट पर ट्रैक्टर चलाने वाले ने की थी चोरी
95 हजार में ट्रैक्टर, 60 हजार में ट्रॉली का कर लिया था सौदा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के मड़वानगर टोल प्लाजा के पास स्थित भवन सामग्री की दुकान के सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली शनिवार रात चोरी हो गई। रविवार रात प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विजय कुमार दुबे व प्रभारी एसओजी जनार्दन प्रसाद की टीम ने नगर थाना क्षेत्र के ओम फिलिंग सेंटर के पास से ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा करने पर अधिकारियों ने टीम को शाबाशी दी।
पुरानी बस्ती थाने के हर्दिया बुजुर्ग निवासी मंजीत ने तहरीर मे कहा था कोतवाली क्षेत्र के मड़वानगर में उसकी भवन सामग्री की दुकान है। जहां रोज ट्रैक्टर-टॉली खड़ी रहती थी। 30 मार्च की रात किसी ने वह ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर ली। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। निरीक्षक विजय कुमार दूबे, जनार्दन प्रसाद एसओजी प्रभारी, एसआई जयविंद यादव आदि की टीम को पता चला कि मंजीत की दुकान के पास इंटरलाॅकिंग ईंट बनाने वाले प्लांट पर ट्रैक्टर चलाने वाला दुबौलिया क्षेत्र के नारायणपुर निवासी अश्वनी यादव उसी रात से गायब है।
पुलिस ने उसके बारे में छानबीन शुरू की तो कड़ी से कड़ी जुड़ती चली गई। इसी दौरान पकड़ा गया अश्वनी यादव ने ट्रैक्टर-ट्रॉली का सौदा भी कर दिया था। उसने ट्रॉली कलवारी क्षेत्र के गाना के पास किसी के हाथ 60 हजार में बेच दिया था मगर रुपये नहीं मिले थे। जबकि ट्रैक्टर का 95 हजार रुपये में सौदा करके नगर कस्बे के दक्षिणी छोर पर पेट्रोलपंप के पास लाकर खड़ा किया था। पुलिस टीम ने उसे दबोचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया।