बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र की एक महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गर्भपात कराने का केस दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार, बसडीला की 29 वर्षीय सुधा की शादी सेमरा चीगन थाना कलवारी के संदीप पांडेय के साथ हुई थी। गौना के बाद जब सुधा ससुराल पहुंची तो उस पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसे गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियां भी दी जाती रहीं। पीड़िता का कहना है कि 6 मई 2024 को जब उसका भाई हालचाल लेने ससुराल आया तो उसी समय संदीप पांडेय, सास मधु पांडेय और ननदें पूजा व मोहिनी ने उसे बुरी तरह पीटा। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके पेट पर लात मारी गई, जिससे करीब ढाई माह का गर्भपात हो गया। सीओ रुधौली के आदेश पर सोनहा थाने में दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और डीपी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। संवाद