आर्य समाज के स्वर्ण जयंती समारोह में चार अक्तूबर को मुख्यमंत्री के आने की संभावना
श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज परिसर उतरेगा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर, मंडलायुक्त और आईजी ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आर्य समाज की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। स्टेशन रोड स्थित एक होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम के हिस्सा लेने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा शुरू कर दी गई है। वहीं, प्रशासन भी मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अलर्ट हो गया है।
शनिवार को कार्यक्रम स्थल परिसर में मैदान की सफाई कराई जा रही थी। गेट, मंच और बैठने के स्थान पर काम चल रहा था। आर्य समाज नई बाजार के प्रधान ओमप्रकाश आर्य ने बताया कि कार्यक्रम में गोरखपुर व बस्ती मंडल के सभी जिलों से लोग शिरकत करेंगे। बताया कि मुख्यमंत्री चार अक्तूबर को दिन में एक बजे कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन कर रचितांजलि पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। सीएम के संभावित दौरे को लेकर शनिवार को श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज परिसर का मंडलायुक्त अखिलेश सिंह व आईजी आरके भारद्वाज ने निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि विद्यालय के परिसर में ही सीएम का हेलीकॉप्टर लैंड करेगा।
...
चार दिनों तक चलेगा कार्यक्रम
आर्य समाज के प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि स्वर्ण जयंती समारोह चार दिनों तक चलेगा। इसमें सात अक्तूबर को आर्य वीर दल की ओर से शौर्य प्रदर्शन किया जाएगा। प्रमुख व्यायाम शिक्षक दिनेश आर्य और उनकी टीम 400 बच्चों को शौर्य प्रदर्शन के लिए तैयार कर रही है। संयोजक आचार्य सुरेश जोशी ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के बस्ती, महाराजगंज, संतकबीरनगर, आंबेडकर नगर, बलिया, वाराणसी और गोरखपुर के आर्य समाजी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।