बस्ती। राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश के क्रम में एक जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों की विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से संबंधित निर्देश एवं कार्यक्रम जारी कर दिए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना ने बताया है कि पुनरीक्षण एवं पूर्व गतिविधियों के तहत मतदाताओं को बेहतर अनुभव प्रदान करने एवं सुगमता बढ़ाने हेतु 1200 से अधिक मतदाता वाले मतदेय स्थलों के विभाजन के लिए समयसारिणी तय की गई है। मतदेय स्थलों का सत्यापन, पुनर्निर्धारण एवं नए मतदेय स्थल बनाने के लिए भवनों का चिह्नांकन 29 अक्तूबर से 4 नवंबर तक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक मिलकर मतदेय स्थलों का प्रस्ताव तैयार कराना है। 6 से 7 नवंबर तक आपत्तियां एवं सुझाव लिए जाएंगे। मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन 10 नवंबर को किया जाएगा। इसे राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराने के बाद शिकायतों एवं सुझावों के निस्तारण के बाद अंतिम रूप दिया जाना है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय आयोग के अनुमोदनार्थ प्रेषित किया जाएगा। डीएम ने बताया 19 से 21 नवंबर तक विभाजन संबंधी प्रस्ताव आयोग को उपलब्ध कराने की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करनी होगी।