परशुरामपुर क्षेत्र में चौरासी कोसी परिक्रमा के श्रद्धालु सड़क हादसे में घायल को अस्पताल ले जाते
84 कोसी परिक्रमा करके लौट रहे संत जत्थे के ही पिकअप की चपेट में आए
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
परशुरामपुर (बस्ती)। अयोध्या की 84 कोसी परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं के साथ चल रहे पिकअप के चालक को झपकी आने से बड़ा हादसा हो गया। परशुरामपुर क्षेत्र के रायपुर के पास जत्थे के पिकअप ने तीन संतों को चपेट में ले लिया। तीनों को अयोध्या स्थित श्रीराम हाॅस्पिटल ले जाया गया, जहां सभी की मौत हो गई। मृतकों में दो महराजगंज व एक अयोध्या के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार अयोध्या के संत गया दास के नेतृत्व में साधुओं का जत्था मंगलवार को 84 कोसी परिक्रमा पूरी करके मखौड़ा धाम पहुंचा। बुधवार को सुबह हवन-पूजन कर संत गया दास की टोली अयोध्या जाने के लिए निकली। जत्थे में पैदल परिक्रमा करने वाले साधू पैदल भी थे। सुबह करीब 6:30 बजे क्षेत्र के रायपुर बाजार के पास पीछे-पीछे चल रहा जत्थे का ही पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर साधुओं पर चढ़ गया। इससे तीन साधू राम मिलन पाल (50) निवासी अयोध्या, महराजगंज के रहने वाले अच्छेलाल (49) और राम भजन पाल (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची परशुरामपुर पुलिस ने घायलों को श्री राम अस्पताल अयोध्या ले गई। जहां इलाज के दौरान तीनों संतों ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पिकअप चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। पुलिस पिकअप और चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही कर रही है।