हर्रैया (बस्ती)। थाना क्षेत्र के भदावल कला गांव में रास्ते से गाड़ी निकालने के विवाद को लेकर 14 अक्तूबर को दो पक्षों में मारपीट में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता रेशमा पत्नी पीर मोहम्मद निवासी भदावल कला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 14 अक्तूबर की सुबह करीब 7 बजे वह अपने घर के सामने थी। इसी बीच विपक्षी रास्ते से गाड़ी निकालने लगे। जब उसने गाड़ी रोकने को कहा तो रामपुजारी, दिनेश, उमेश और अमित निवासी भदावल कला ने उसे गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर दिया। बचाव करने पहुंचे उसके पुत्र मुस्तकीम और पुत्री अमीरुन को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया।