हर्रैया तहसील क्षेत्र में 45-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शनिवार शाम 5 बजे से जिले में झमाझम बारिश शुरू हो गई। हर्रैया तहसील क्षेत्र में 45-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवा के कारण तमाम पेड़ गिर गए। 100 से अधिक बिजली के खंभे भी टूटकर गिरने की सूचना है। इससे 1200 गांवों की बिजली गुल हो गई। शाम पांच बजे से रात 8 तक बारिश का सिलसिला चलता रहा। अनुमान के मुताबिक तीन घंटे में 60 मिमी से अधिक बारिश हुई है।
मूसलाधार बारिश होने से शहर के कई मोहल्लों में पानी भर गए। सड़कों पर भी कई जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। हर्रैया में फोरलेन के अंडरपास के नीचे सड़क पर घुटने तक पानी भर गया है। इससे कस्बे के लोगों और बभनान की तरफ आने-जाने वालों को परेशानी हो रही है। रात आठ बजे तक शहर के कई मोहल्ले जलमग्न हो गए। तुर्कहिया, खौरहवा, मूड़घाट, बड़ेवन, बिजली दफ्तर, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय आदि भारी पानी के चलते जलमग्न हो गए।
हर्रैया संवाद के अनुसार, रात 8 बजे तक भारी बारिश होती रही। बारिश के कारण नगर पंचायत के नालों से पानी उफनाने लगे। बभनान चौराहे पर बने अंडर पास के नीचे करीब तीन फिट पानी भर गया। जिससे बाइक व कार का निकाला मुश्किल हो गया। क्षेत्र में करीब दर्जभर स्थानों पर पेड़ गिरने से रास्ते बाधित रहे। बभनान प्रतिनिधि के अनुसार, भारी बारिश के कारण नगर पंचायत में पानी भर गया है। हर्रैया चौराहे से लेकर सब्जी मंडी तक नाला उफनाने से पानी भर गया। गौर मार्ग पर मंडी के पास व काली माता मंदिर के अलावा अन्य आधा दर्जन जगहों पर पेड़ गिरने से रास्ता बाधित रहा। भारी बारिश के कारण रात नौ बजे तक पेड़ हटाए नहीं जा सके थे।
-
बिजली गिरने से भैंस झुलसी
बस्ती। गरज-चमक के साथ भारी में कप्तानगंज थानांतर्गत तेलियाडीह में विजय निषाद के टीनशेड पर बिजली गिर गई। इससे उसके अंदर बंधी भैंस आंशिक झुलस गई। टिन शेड में खड़ी बाइक व अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचा है।