रविवार रात हर्रैया के अमारी बाजार में पकड़ा गया था चोरों का साथी
लग्जरी गाड़ी लेकर बकरियों की चोरी करते थे गिरोह के गुर्गे
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रविवार रात को स्कार्पियो लेकर बकरी चुराने पहुंचे चोरों के गिरोह में बहराइच के चोरों का नाम सामने आया है। उनमें से तीन चोरों की पहचान पुलिस ने की है। उनकी तलाश की जा रही है। रविवार रात हर्रैया क्षेत्र के अमारी बाजार में बकरी चोरी करते समय एक चोर को पकड़ लिया था। बाकी स्कार्पियो छोड़कर भाग गए थे। पकड़े गए गोंडा जिले के चोर से पूछताछ में बहराइच के दरगाह शरीफ क्षेत्र के तीन गुर्गों का नाम सामने आया है।
हर्रैया थाना क्षेत्र के रेवरादास में 28 मार्च को दीवार में नकब लगाकर बकरियां चोरी हो गई थीं। सुबह जिसने भी घटना के बारे में सुना वह दंग रह गया। पुलिस भी पता सुराग लगा रही थी। इसी दरम्यान रविवार रात को उसी गिरोह के बकरी चोर हर्रैया थाना क्षेत्र के अमारी बाजार में पहुंच गए। वहां के अनीश कुमार के यहां बकरियों का बाड़ा में लगा ताला तोड़ने लगे। तभी ग्रामीण जाग गए और शोर मचा दिया। तीन चोर स्कार्पियो छोड़कर अंधेरे में भाग गए, लेकिन एक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सूचित कर दिया।
पुलिस ने वहां से गाड़ी, चाकू आदि बरामद किए। पकड़े गए ऐनुल हक निवासी दमदरा थाना कोतवाली जनपद गोंडा ने बताया कि उसी वाहन से उसके गिरोह के लोगों के साथ उसने रेवरादास गांव से बकरियां चोरी की थी।
हर्रैया के कोतवाल राना डीपी सिंह ने बताया कि पकड़े गए ऐनुल हक के जरिए बहराइच जिले के दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के ककरही गांव निवासी रफीक, सद्दाम और गड्डे का नाम प्रकाश में आया है। सभी की तलाश की जा रही है।