बस्ती। एक साल की मासूम सहित तीन लोग बुधवार को कोरोना संक्रमित मिले हैं। सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। 10 मरीजों को होम आइसोलेशन से डिस्चार्ज किया जा चुका है। दुबौलिया बाजार की एक वर्षीय मासूम आरटीपीसीआर जांच में कोरोना संक्रमित मिली है। उसकी जांच नोएडा स्थित एक प्राइवेट लैब में हुई है। भानपुरा-दुबौलिया बाजार की रहने वाली 23 वर्षीय एक महिला भी कोरोना संक्रमित मिली है। इसकी जिला अयोध्या में उसकी एंटीजन जांच हुई है। जिला महिला अस्पताल बस्ती में जांच कराने आई एक मरीज भी कोरोना संक्रमित मिली है। उसका निवास स्थान संतकबीरनगर जिले का मिश्रौलिया गांव बताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरीज का निवास लम्बे समय से अगर जिले से बाहर है तो उसके केस को संबंधित जिले को स्थानांतरित कर दिया जाता है।
नोडल अधिकारी डॉ. एके कुशवाहा ने बताया कि लगातार संक्रमण बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करना चाहिए।
-
निकाय चुनाव में उड़ीं गाइड लाइन की धज्जियां
तहसीलों में निकाय चुनाव की धूम मची है। यहां कोरोना गाइड लाइन की धज्जियां उड़ रही हैं। यही हाल अस्पताल में भी है। हालांकि जिले में जांच बढ़ा दी गई है। ऐसे में अब जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. एके वर्मा ने बृहस्पतिवार से इमरजेंसी में लक्षण वाले मरीजों के लिए नमूना लेकर जांच कराने की व्यवस्था बनाई है। कहा कि कोरोना जांच के लिए अस्पताल में अलग से काउंटर खोला गया है।