बस्ती डिपो की 102 बसों में 36 की पूरी हो चुकी है उम्र
11 लाख किमी चलने के बाद निष्प्रयोज्य मान ली जाती हैं बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रोडवेज डिपो की 36 बसें आयु सीमा पूरी कर चुकी हैं या फिर 11 लाख किमी से अधिक का सफर तय कर चुकी हैं। फिर भी यह बसें यात्रियों को ढो रही हैं। इससे यात्रियों की जान जोखिम में तो है ही, साथ ही आए दिन बीच सफर में इन बसों के इंजन दम तोड़ देते हैं। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
डिपो के बेड़े में 102 निगम व 32 अनुबंधित समेत कुल 134 बसें हैं। परिवहन निगम की 102 बसों में 36 बसें मानक विहीन संचालित हो रही हैं। इनमें अधिकतर दस साल की आयु सीमा पूरी कर चुकी हैं तो बाकी 11 लाख किमी से अधिक यात्रा कर चुकी हैं। यह आंकड़ा इस सितंबर माह का है। इसका उल्लेख करते हुए अधिकारियों ने परिवहन निगम गोरखपुर क्षेत्र के सेवा प्रबंधक को इनकी नीलामी के लिए पत्र भेजा है।
पत्र में स्पष्ट उल्लेख है कि पुरानी बसें विभागीय मानक के अनुसार सभी नीलामी की शर्तें पूरी कर चुकी हैं। इसलिए इनकी नीलामी कर नई बसों का इंतजाम करना आवश्यक है। कहा गया है कि जर्जर बसों के कारण डिपो की आय घट रही है और डीजल की खपत ज्यादा हो रही हैं।
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार, कोई भी बस 11 लाख किमी की यात्रा करने के बाद नीलामी की शर्तें पूरी कर लेती है। दस साल की आयु सीमा पूरी करने के बाद ऑनरोड लायक नहीं रह जाती हैं। ऐसी बसों को नीलाम करने का प्रावधान है।
..
कोट
गोरखपुर क्षेत्र के सेवा प्रबंधक को पत्र भेज कर समस्या से अवगत करा दिया गया है। बसों का प्रबंध जल्द हो जाएगा।
-चंदन लाल वर्मा, सीनियर फोरमैन, बस्ती डिपो