डीएम के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले तीन लिपिक
बस्ती। डीएम प्रियंका निरंजन ने सुबह साढ़े दस बजे जिला समाज कल्याण व अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का निरीक्षण किया। यहां तीन लिपिक अनुपस्थित मिले। डीएम ने उनका वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
डीएम सबसे पहले समाज कल्याण विभाग पहुंचीं। यहां उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि उनके कार्यालय की ओर से अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जाती हैं, इस लिए प्रत्येक लिपिक को योजना संबंधी कार्य विभाजन के बारे में आदेश जारी करें। निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी 10 से 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करेगा। उसी दौरान आईजीआरएस के प्रकरणों का निस्तारण करेगा तथा निस्तारित प्रकरणों में दोनों पक्ष से फीडबैक भी प्राप्त करेगा।
यहां निरीक्षण के दौरान पता चला कि लिपिक विश्वनाथ वर्मा बिना किसी सूचना के अनुपस्थित हैं। दूसरे लिपिक अमित कुमार हस्ताक्षर बनाकर कोषागार चले गए थे। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में लिपिक राम सुरेश उपस्थित पंजिका पर हस्ताक्षर करके कहीं चले गए थे।
डीएम ने आईजीआरएस संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति जानने के लिए कनिष्ठ लिपिक से रजिस्टर मांगा। हालांकि, वे रजिस्टर नहीं दिखा पाए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति तथा डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, समाज कल्याण अधिकारी शिव प्रकाश पांडेय आदि मौजूद रहे।