- विक्रमजोत के दुर्गा देवी स्मारक इंटर कॉलेज का मामला
- केस दर्ज, एसओजी व स्थानीय पुलिस तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत (बस्ती)। छावनी क्षेत्र के विक्रमजोत कस्बे के एक स्कूल में सोमवार को आयोजित विदाई समारोह में गईं दो छात्राएं व एक छात्र स्कूल से लापता हो गए। देर शाम बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। जब कहीं पता नहीं चला तो मंगलवार को परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस गुमशुदगी का केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। गायब बच्चे रिश्ते में चचेरे भाई-बहन हैं।
गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र के लोलपुर गांव निवासी इंटरमीडिएट की 17 वर्षीय छात्रा भूमि पुत्री हरकिशन और हाईस्कूल में पढ़ने वाली 16 वर्षीय प्रीति पुत्री श्रीकृष्ण कनौजिया व 15 वर्षीय छात्र प्रिंस पुत्र शंभू नाथ सोमवार की सुबह 8:30 लोलपुर गांव से बस से विक्रमजोत स्थित दुर्गा देवी स्मारक इंटर कॉलेज, कवलपुर गए। विदाई कार्यक्रम के बाद शाम को बस बच्चों को छोड़ने गांव पहुंची तो तीनों गायब थे। परिजनों ने शाम होने पर स्कूल प्रशासन से पूछताछ के साथ ही खोजबीन शुरू कर दी।
मंगलवार की सुबह लापता बच्चों के माता-पिता के साथ गांव की महिलाएं व पुरुष स्कूल पर पहुंच कर प्रदर्शन करने लगे। सभी ने विद्यालय पर लापरवाही का आरोप लगाया। एक घंटे के बाद सभी ग्रामीण विक्रमजोत पुलिस चौकी पहुंचे और स्कूल के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग करने लगे।
इसबीच मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुभाष मौर्य ने लोगों को समझा-बुझा कर वापस किया। मामले में सीओ हर्रैया अशोक मिश्र ने बताया कि लापता बच्चों के पिता की ओर से दी गई तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। बच्चों की तलाश में एसओजी व स्थानीय पुलिस सहित चार टीमों को लगाया गया है।
-
प्रधानाचार्य बोले
स्कूल के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार त्रिपाठी ने कहा कि बच्चे कार्यक्रम में शामिल ही नहीं हुए। वह विद्यालय आए ही नहीं। उनके क्लास के बच्चों से भी बातचीत की गई है।
-
परिजन बोले
छात्रा भूमि के पिता हरिकिशन, प्रीति के पिता श्रीकृष्ण कनौजिया व छात्र प्रिंस के पिता शम्भू नाथ ने कहा कि तीनों बच्चे बस से स्कूल गए थे। बस से कैसे लापता हो जाएंगे। यह स्कूल प्रशासन की लापरवाही है। जब बच्चे बस में चढ़ते-उतरते हैं, तो इसका पूरा ख्याल रखना चाहिए।