रुपये हड़पकर देने लगा आत्महत्या की धमकी, केस दर्ज
बस्ती। दूसरे का भुगतान लेकर हड़प लेने और मांगने पर आत्महत्या की धमकी देने का एक मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने पैसा हड़पने व मांगने पर आत्महत्या की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है।
कोतवाली के संतपुर पचपेड़िया रोड निवासी रवि कुमार पांडेय ने तहरीर देकर बताया है कि उनकी फर्म में मार्केटिंग का काम देखने वाले रवि प्रताप सिंह ने एक दूसरी फर्म को 69 हजार 22 रुपये की सामग्री दिलवा दी। कहा था कि 15 दिन में भुगतान हो जाएगा। भुगतान न होने पर जब फर्म से संपर्क किया गया तो पता चला कि रवि प्रताप को भुगतान किया जा चुका है। आरोप है कि रवि प्रताप सिंह ने पैसा हड़प लिया। मांगने पर व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर धमकी दी कि रुपये की बात करोगे तो आत्महत्या कर फंसा दूंगा। दूसरे नंबरों से फोन कराकर भी धमकी दिलवाई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।