400 कृषि रक्षा रसायन विक्रेताओं के रोजगार का खतरा
बस्ती। ऐसे कृषि रक्षा रसायन विक्रेता, जिनके पास जैव प्रौद्योगिकी, जीव, रसायन, वनस्पति या प्राणी विज्ञान विषय में डिग्री या डिप्लोमा नहीं है, उनके लाइसेंस 31 दिसंबर को स्वत: समाप्त हो जाएंगे। इससे जिले के करीब 400 फुटकर व्यवसायियों पर जनवरी में बेरोजगार होने का खतरा मंडरा रहा है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने नवंबर 2015 में अधिसूचना जारी कर न्यूनतम योग्यता को पूरा करने का समय दिया था। उम्रदराज और पुराने लाइसेंसधारियों के लिए सरकार ने 12 दिवसीय प्रशिक्षण की भी शुरुआत की थी। इसके बावजूद 400 दुकानदारों ने इनसेक्टीसाइड मैनेजमेंट प्रशिक्षण में रुचि नहीं दिखाई। इसका खामियाजा अब उन्हीं का भुगतना पड़ सकता है।
उनके लाइसेंस 31 दिसंबर का समाप्त हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि जिले में 746 फुटकर व्यवसायी हैं। उनमें करीब 230 व्यवसायी डिग्रीधारी हैं और 116 लोगों ने 12 दिवसीय प्रशिक्षण लेकर योग्यता के मानकों को पूरा किया है।
दिया जा चुका है दो साल का समय
जिला कृषि रक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि बिना डिग्री वाले फुटकर विक्रेताओं को योग्यता पूरा करने के लिए पर्याप्त समय समय दिया गया था। उन्होंने इसमें रुचि नहीं ली। 31 दिसंबर को उनके लाइसेंस की वैधता समाप्त हो रही है। इसके बाद यदि वे कृषि रक्षा रसायन की बिक्री करते पाए गए तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।