महिलाओं पर जुर्म करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कलेक्ट्रेट सभागार में की समीक्षा बैठक
भद्रेश्वरनाथ मंदिर में बिजली गुल होने पर जेई को निलंबित करने के निर्देश
बस्ती। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि महिलाओं पर अपराध करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान भद्रेश्वरनाथ मंदिर में आधी रात को बिजली आपूर्ति बाधित होने पर जेई को निलंबित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सड़क, बिजली व पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की जानकारी हासिल की। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से नियमित रूप से मुलाकात कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दें। सभी परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण कराएं। उन्होंने 17 वेंडर को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत प्रधानमंत्री का बधाई संदेश सौंपा।
उन्होंने राजस्व कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि न्यायालय का आदेश प्राप्त होने के एक सप्ताह के भीतर भूमि की नपाई करा ली जाए। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान डीआईजी आरके भारद्वाज ने बताया कि पिछले छह माह में अपराधों में कमी आई है। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3.70 करोड़ रुपये की संपति जब्त की गई है। उन्होंने प्रत्येक रूट के सार्वजनिक स्थल पर टैक्सी स्टैंड के लिए स्थान चिह्नित करने और वहां एक अधिकारी व दो सिपाही तैनात करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल की उपलब्धता शासन की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने जल निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि एई और जेई के माध्यम से सभी संचालित परियोजनाओं का सत्यापन कराकर रिपोर्ट एक सप्ताह में डीएम को प्रस्तुत करें। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात समाप्त होते ही सभी सड़कें गड्ढामुक्त करवा दें। बीएसए ने बताया कि 1.39 लाख अभिभावको ंके खातों में डीबीटी के माध्यम से धन स्थानांतरित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने अगले सप्ताह तक नए सीएमओ की तैनाती करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश शर्मा, सांसद हरीश द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक अजय सिंह, महेंद्रनाथ यादव, राजेंद्र चौधरी, दूधराम, कविंद्र उर्फ अतुल चौधरी, एमएलसी सुभाष यदुवंश, मंडलायुक्त गोविंदराजू एनएस आदि मौजूद रहे।
शिक्षकों से पूछा मिड-डे-मील में क्या-क्या बना है
बस्ती। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्राथमिक विद्याल भुअर निरंजनपुर का निरीक्षण किया। बच्चों के साथ बेंच पर बैठकर उनसे पढ़ाई के बारे में जानकारी हासिल की। इसी बीच भोजनावकाश हो गया। उन्होंने शिक्षकों से पूछा आज मिड-डे मील में क्या-क्या बना है।
इससे पहले उन्होंने महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ओपेक चिकित्सालय कैली का जायजा लिया। सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने एमआरआई मशीन की उपलब्धता पर प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार से बातचीत की। दवाओं, संसाधनों, ऑक्सीजन प्लांट, तथा कोविड वार्डों के संचालन आदि पर बातचीत की। उप मुख्यमंत्री ने कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया। यहां पर 200 गोवंशीय पशु संरक्षित हैं। उन्होंने गायों को गुड़ खिलाया।