22 जुलाई को होगा पहला सोमवार, 29 दिन का सावन
शिवालयों में शुरू हो गई तैयारी, प्रशासन रोज ले रहा जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। इस बार 29 दिन का सावन माह भक्तों को भगवान शिव की आराधना करने का ज्यादा मौका देने जा रहा है। क्योंकि सावन में इस बार पांच सोमवार होंगे। पहला सोमवार 22 जुलाई को होगा। सावन माह 29 दिन का होगा। सावन माह की जैसे-जैसे तिथि नजदीक आती जा रही है तो भद्रेश्वरनाथ समेत जिले भर के शिवालयाें में तैयारियां शुरू होने लगी हैं। सावन माह में शिवरात्रि के लिए भक्त तैयारियों में जुट गए हैं। प्रशासन की टीमें रोजाना मंदिर का भ्रमण कर आवश्यक इंतजाम करने में जुटा है।
पंडित देवस्य मिश्र ने बताया कि सावन का पहला सोमवार 22 जुलाई को है। इसी दिन से सावन मास का आरंभ हो रहा है। इस बार सावन मास में यह शुभ संयोग बन रहा है कि सावन की शुरुआत सोमवार से और समापन भी सोमवार को हो रहा है। सावन मास का आरंभ 22 जुलाई दिन सोमवार से और समापन 19 अगस्त दिन सोमवार को होगा। इस बार सावन में पांच सावन सोमवार का व्रत किया जाएगा, जो बेहद शुभ माने जाते हैं।
इस बार सावन के पहले सोमवार पर एक या दो नहीं बल्कि पांच अद्भुत योग में भगवान शिव की पूजा की जाएगी। पंडित देवस्य मिश्र के अनुसार शिव पुराण के अनुसार, सावन सोमवार का व्रत करने से भाग्योदय होता है और भक्तों पर शिव कृपा बनी रहती है। जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए सावन सोमवार का व्रत किया जाता है। सावन में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से ग्रह-नक्षत्रों का शुभ फल प्राप्त होता और सभी दोष दूर होते हैं। क्योंकि भगवान शिव सभी ग्रह-नक्षत्र और सृष्टि के स्वामी हैं।
..
इन शिव मंदिरों पर रहेगी सबसे ज्यादा भीड़
प्रशासन ने सबसे ज्यादा भीड़ वाले 19 शिव मंदिरों को चिह्नित किया है। इनमें कोतवाली क्षेत्र का भद्रेश्वरनाथ व राम कृपाल मंदिर, पुरानी बस्ती क्षेत्र का कड़र शिवमंदिर, निर्मलीकुंड, पंचायती मंदिर, करूआ बाबा और बरवा, वाल्टरगंज क्षेत्र का महादेवा और भारीनाथ, परशुरामपुर क्षेत्र का पौराणिक शिव मंदिर महादेवा, छावनी क्षेत्र का शिवमंदिर रामगढ़, नगर क्षेत्र का शिवमंदिर तिलकपुर, कप्तानगंज क्षेत्र का भैरोनाथ मंदिर, मुंडेरवा क्षेत्र का देवरिया मंदिर, सोनहा क्षेत्र का लोढ़वा और जोगिया, पैकोलिया क्षेत्र का औरातोंदा, रुधौली क्षेत्र का हनुमानगंज मंदिर और दुबौलिया क्षेत्र का चकोही शिवमंदिर शामिल हैं।
...
पहले सोमवार को पांच अद्भुत संयोग
इस बार सावन के पहले सोमवार को पांच अनोखे योग का संयोग बन रहे हैं। इससे इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है। सावन मास के पहले सोमवार को प्रीति योग, आयुष्मान योग बन रहा है। साथ ही, चंद्रमा और मंगल एक-दूसरे से नौवें और पांचवें भाव में विराजमान होने के कारण नवम पंचम योग का निर्माण हो रहा है। इस दिन शनि स्वराशि कुंभ में रहने की वजह से शश योग बन रहा है। शश योग के साथ सभी कार्यों को सिद्ध करने वाला सवार्थ सिद्ध योग भी सावन के पहले सोमवार पर बन रहा है। इन पांच शुभ योग में महादेव की पूजा की जाएगी, जिससे अच्छा लाभ मिलेगा।