छावनी क्षेत्र के खतमसराय गांव के मोबाइल टॉवर के पास की घटना
संवाद न्यूज़ एजेंसी
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के खतमसराय गांव में बृहस्पतिवार रात चोरों ने मोबाइल टॉवर के पास स्थित ओम प्रकाश के घर को निशाना बनाया। घर के पीछे खिड़की के रास्ते घुसे चोरों ने कमरे की कुंडी तोड़ कर बक्से में रखे चांदी की करधन, पाजेब, सोने की झुमकी, बाली, दो जोड़ी पायल सहित करीब साठ हजार के कीमती गहने उठा ले गए। बरामदे में गहरी नींद में सो रहे परिजनों को भनक तक नहीं लगी।
शुक्रवार सुबह जाग कर जब ओम प्रकाश की पत्नी ने कमरे का दरवाजा खोला तो बक्से का टूटा ताला व घर बिखरे सामान को देखकर दंग रह गई। तत्काल छावनी पुलिस को सूचना दी। ओम प्रकाश ने तहरीर देकर बताया है कि आसपास चोरी की घटनाओं को सुन कर परिजन रात 12 बजे तक जाग रहे थे। मगर जैसे ही नींद आई चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे विक्रमजोत चौकी प्रभारी चंद्रकांत पांडेय और बीट सिपाही श्याम सुंदर यादव ने छानबीन शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच पड़ताल की जा रही है।