विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के खेमराजपुर गांव में सोमवार की रात छत के रास्ते घर में घुसकर गहने और 12 हजार रुपये चोरी हो गए। बीडी तटबंध के पास हनुमान मंदिर के बगल में रहने वाले रामसुमेरे के अनुसार, रात में उनका बेटा गोविंद बरामदे में और बहू कमरे में सो रही थी। परिवार के अन्य सदस्य रिश्तेदारी में निमंत्रण में गए थे। चोरों ने बहू के पैर से पायल, हाथ से अंगूठी और गले से सोने की चेन निकाल ली। बगल के कमरे में अलमारी खोलकर 12 हजार रुपये भी उठा ले गए। सुबह नींद खुलने पर कमरे का सामान बिखरा और अलमारी खुली देख वारदात की जानकारी हुई। सूचना पर पीआरवी पुलिस पहुंची। उपनिरीक्षक रामकुमार पासवान ने टीम के साथ मौके पर छानबीन की। संवाद