कंपनीबाग और कटरा तिराहे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आरओ-एआरओ की परीक्षा समाप्त होने के बाद शहर में जाम लग गया। जैसे ही महिला-पुरुष परीक्षार्थी अपने वाहनों से निकलना शुरू किए सड़कों पर भीड़ बढ़ गई। रविवार को छुट्टी का दिन होने के बाद भी शहर के कई हिस्सों में जाम जैसी स्थिति बनी रही। लगभग एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
गांधीनगर क्षेत्र के आधा दर्जन माध्यमिक एवं स्नातक स्तर के विद्यालयों में परीक्षा होने के चलते यहां की सड़कों पर यातायात का दबाव अधिक देखा गया। कंपनीबाग से लेकर रोडवेज तक 3:30 बजे परीक्षा से छूटने के बाद पैदल और वाहनों से परीक्षार्थियों से निकलने से अचानक भीड़ बढ़ गई। इस दौरान टाउन क्लब के सामने से लेकर जीजीआईसी तक जाम लगा रहा।
रोडवेज तिराहे पर भी जाम जैसी स्थिति बनी रही। कंपनीबाग और कटरा तिराहे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जगह-जगह पुलिस कर्मियों को मोर्चा संभालना पड़ा। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आवागमन सुचारू हो सका। परीक्षा केंद्रों के बाहर भी वाहनों के साथ महिला परीक्षाथियों के परिजनों की भीड़ देखी गई। द्वितीय पॉली की परीक्षा खत्म होने के बाद एक साथ भीड़ सड़कों पर चलने लगी। इससे सघन आबादी वाले क्षेत्र में जाम लगा रहा।