चाचा के निधन पर मित्तनजोत गया था परिवार, चोरों ने खंगाल लिया घर
सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के सहारे पुलिस कर रही छानबीन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के डमरुआ-कटरा मोहल्ले में उस समय चोरों ने खाली मकान में धावा बोल दिया, जब पूरा परिवार चाचा के निधन पर नगर थाना क्षेत्र के मित्तनजोत गया हुआ था। परिवार जब लौटा तो पता चला कि चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपये नकदी समेत 13 लाख के जेवरात चुरा ले गए।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक घटना 28 अप्रैल की रात व 29 अप्रैल के भोर के बीच बताई जा रही है। डमरुआ निवासी धीरेंद्र श्रीवास्तव का पैतृक गांव मीतनजोत है। 28 अप्रैल की रात गांव में उनके चाचा नरेंद्र श्रीवास्तव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह पत्नी व बच्चों को लेकर गांव चले गए। जहां रात में ही चाचा का निधन भी हो गया।
दूसरे दिन सुबह जब दाह संस्कार में शामिल होने के लिए कपड़े लेने शहर लौटे तो पता चला कि सारा सामान बिखरा पड़ा है और आलमारी व सेफ से नकदी व जेवरात गायब हैं। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। कोतवाल विजय ने बताया कि तहरीर मिली है। सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच पड़ताल की जा रही है।