परशुरामपुर। परशुरामपुर क्षेत्र के सिकंदरपुर बाजार में मोबाइल फोन की दुकान में 10 मई को हुई चोरी की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पास से सामान की बरामदगी की गई है।
घटना उस समय हुई थी, जब दुकानदार शटर गिराकर खाना खाने गया था। 10 मई को दिन में दो बजे सिकंदरपुर कस्बा निवासी संतोष कुमार की दुकान का शटर उठाकर 50 हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन चोरी हो गया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएचओ रामेश्वर यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को क्षेत्र के बेनीनगर पुलिया के पास से भोर में पांच बजे सुर्ती उर्फ रामसूरत यादव निवासी सिकंदरपुर, जीशान अली निवासी काजी सराय थाना पुरा कलंदर जनपद अयोध्या और मोनू सोनी निवासी सिकंदरपुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद इनके पास से मोबाइल फोन तथा 11 हजार तीन सौ 65 रुपये बरामद हुए। तीनों आरोपितों को न्यायालय भेजा गया।