दुबौलिया। थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों के दो घरों में शनिवार रात नगदी समेत लाखों के जेवरात चोरी का मामला सामने आया है। सुबरहा गांव के विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार रात उनके घर के सभी सदस्य बाहर सोए हुए थे। सुबह देखा तो सहन में लगा चैनल का ताला टूटा हुआ है और कमरे में रखी आलमारी एवं बक्से का सारा सामान बिखरा हुआ है। उसमें रखे जेवरात और बारह हजार रुपये गायब थे। वहीं, मरौटी पांडेय गांव निवासी दुर्गा प्रसाद पांडेय ने बताया कि उसके घर में छत के रास्ते घुसे चोर कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ कर कीमती जेवरात उठा ले गए। परिजनों को घटना की सुबह जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची दुबौलिया पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर हर पहलुओं पर जांच की जा रही है। संवाद