कप्तानगंज(बस्ती)। मंगलवार देरशाम साढ़े सात बजे कटईया गांव के एक घर में घुसकर बदमाश मंगलसूत्र, सोने की बालियां, कीमती कपड़े, लगभग 15 हजार रुपये नकद और पीतल के बर्तन उठा ले गए। रसोई में खाना बना रही संजू चौधरी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें धक्का दिया और मारपीट की। पत्नी संजू की गुहार सुनकर पति सुभाष चौधरी तुरंत पहुंचे, लेकिन घर का मुख्य दरवाजा खुला होने के कारण चोर आसानी से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने पहले से इलाके की रेकी की थी। थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच जारी है। संवाद