सोनहा क्षेत्र में बुधवार रात हुई घटना, गांव के बाहर मिला बॉक्स
संवाद न्यूज एजेंसी
वाल्टरगंज। सोनहा थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव में बुधवार रात चोरों ने छत से सीढ़ी के रास्ते घर के अंदर उतरकर लाखों रुपये के जेवरात तथा नकदी चोरी कर ली।
वहां के बच्चन लाल ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे पत्नी शांति देवी को जगाने लगे। वह ने कमरे से उठकर बाहर आने लगीं, मगर दरवाजा नहीं खुल रहा था। खिड़की से देखा तो एक कमरे का दरवाजा खुला था। उसने बेटे को आवाज लगाई। बेटा भी जगा तो देखा कि उसका भी दरवाजा बाहर से बंद है। पिता को बुलाया तो सभी के दरवाजे को खोला। एक कमरे का दरवाजे की टूटी कुंडी देख दंग रह गए। अंदर देखा तो बॉक्स गायब था। शांति देवी कमरे में बॉक्स न देख दहाड़े मारकर रोने लगीं।
आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। सुबह करीब छह बजे गांव की महिलाओं ने गांव के पश्चिम तरफ बच्चन के घर के पीछे राहुल चौधरी के मड़ई के पास एक बॉक्स फेंका हुआ देखा। परिवार के लोग जाकर देखे तो उन्हीं का बक्सा था। बच्चन यादव ने बताया कि 20 हजार रुपये नकद मंदिर बनवाने के लिए रखे थे। साथ ही पत्नी की चांदी की पायल, पावजेब, हसुली, पाहुनी, सोने की झुमकी, अंगूठी सहित अन्य जेवरात चोरी कर लिए। शांति देवी ने बताया कि उनके बेटे की शादी 26 अप्रैल को होना सुनिश्चित है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। थाने पर तहरीर दी गई है।