बभनान, बस्ती। गौर पुलिस ने गश्त के दौरान शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की तीन साइकिल भी बरामद की। पुलिस के मुताबिक रविवार को बभनान चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र तिवारी हमराही सिपाहियों के साथ गश्त कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिली कि सोसायटी से हलुवा जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक व्यक्ति चोरी के साइकिल के साथ खड़ा है। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो वहां संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम पता जुगानी उर्फ राजकुमार निवासी डेंगरहा बताया। यह भी बताया कि वह अपना ख़र्चा चलाने के लिए मौका पाकर बाजार में खड़ी साइकिल चुराकर बाजार में बेच देता है। उसके पास जो साइकिल है वह भी चोरी की है। बाद में उसकी निशानदेही पर दो और चोरी की साइकिलें बरामद हुईं। संवाद