माझाकला गांव का डीएम प्रियंका निरंजन और एसपी आशीष श्रीवस्तवने किया निरीक्षण।
- फोटो : BASTI
अतिवृष्टि से प्रभावित गांवों में पहुंची अधिकारियों की टीम, जाना हाल
लोगों में वितरित किया राहत सामग्री
बस्ती। मंडलायुक्त गोविंदराजू एनएस एवं आईजी आरके भारद्वाज ने अतिवृष्टि से प्रभावित कुदरहा ब्लॉक के भगवंतपुर, माझाकला तथा अइलहा गांव का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भगवंतपुर गांव में जलनिकासी के लिए पुलिया बनाने के लिए सिंचाई विभाग को निर्देशित किया। उन्होंने भगवंतपुर तथा अइलहा को जोड़ने वाली सड़क पर जल निकासी के बाद मिट्टी भराकर इंटरलॉकिंग कराने का निर्देश दिया। वहां अतिवृष्टि से सड़क पर पानी आने के कारण नाव लगवाने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि नाव पर क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाया जाए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरण का भी निर्देश दिया। एसडीएम सदर शैलेष दुबे ने बताया कि प्रभावित 85 परिवारों को राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है।
इसके बाद डीएम प्रियंका निरंजन एवं एसपी आशीष श्रीवास्तव ने सदर तहसील के माझाकला, भगवंतपुर और अइलहा जल प्रभावित गांव का निरीक्षण किया। तीनों गांवों में आवागमन के रास्ते जलमग्न हो गए हैं। दोनों अधिकारी व सीडीओ नाव पर बैठ कर गांव पहुंचे। उन्होेंने तीन गांवों में प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
जिलाधिकारी ने पीडी कमलेश सोनी को आपदा प्रभावित लोगों को सीएम आवास दिलाने के लिए सर्वे कराने का निर्देश दिया है। निर्देश दिया है कि प्रभावित गांव में नियमित रूप से सफाई, एंटीलार्वा एवं मैलाथियान का छिड़काव कराएं।