पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता प्रशांत सिंह को सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी से अपने सियासी कनेक्शन की धौंस जमाना भारी पड़ गया। आरोप है कि एसई ने उपभोक्ता से अमर्यादित तरीके से बातचीत कर अपने सियासी पृष्ठभूमि की ठसक दिखाते हुए अर्दब में लेने की कोशिश की।
दोनों की बातचीत का ऑडियो सूबे के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा तक पहुंच गया। ऊर्जा मंत्री ने खुद उस ऑडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए मामले को सार्वजनिक किया। प्रबंध निदेशक शंभु कुमार ने निलंबित कर दिया। ऊर्जा मंत्री ने रविवार सुबह एक्स पर पोस्ट करके जानकारी दी। लिखा है कि उपभोक्ता देवो भव:।
अपने आदेश में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम एमडी ने लिखा है कि बस्ती के मूड़घाट के रहने वाले सेवानिवृत्त एडिशनल कमिश्नर भरत पांडेय ने बिजली आपूर्ति न होने की शिकायत की थी। जिसके जवाब में एसई प्रशांत सिंह ने कहा कि फालतू में उन्हें फोन मिला रहे हैं। इसके लिए 1912 हेल्पलाइन पर शिकायत नोट कराने की नसीहत दी।
उपभोक्ता बनकर बात कर रहे भरत पांडेय से एसई ने परिचय पूछा। वह बताए कि 2010 तक वह मथुरा के एडीएम रह चुके हैं तो एसई तैश में आकर कहा कि आगरा का तो मैं भी रहने वाला हूं।
सपा सांसद राम जी लाल सुमन को अपना बहनोई, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सिने अभिनेता रहे राज बब्बर को समधी, केंद्रीय मंत्री व सांसद एसपी सिंह बघेल को करीबी दोस्त, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य को अपनी भाभी बता डाला। एसई यही नहीं रुके,बल्कि बातचीत की आखिरी लाइन में आपत्तिजनक शब्द तक बोल दिया।
निलंबन आदेश में एमडी ने लिखा है कि प्रशांत सिंह का यह कृत्य कदाचार की श्रेणी में आता है। वह कर्तव्यों और उत्तरदायित्वों में लापरवाही बरतने के प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए गए हैं। इस वजह से उनके खिलाफ प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए गए हैं। इस वजह से उनके खिलाफ प्रथम दृष्ट्या अनुशासनात्मक कार्रवाई का मामला बनता है। निलंबन की अवधि में प्रशांत सिंह को प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम वाराणसी से संबद्ध किया गया है।