विक्रमजोत के फूलडीह में किराने की दुकान करते हैं अमित कसौधन के पिता
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। साकेत महाविद्यालय में पढ़ने वाला छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत कस्बा निवासी 17 वर्षीय अमित कसौधन उर्फ साहिल शनिवार को अयोध्या के नए घाट पर नहाते समय सरयू नदी में डूब गया। उसके पिता प्रकाश कसौधन ने बताया कि वह अपने दोस्त अमन उर्फ श्याम कसौधन के साथ शनिवार दोपहर अयोध्या सरयू घाट पर नहाने गया था। जब तक आसपास के लोग बचाने दौडे़ तब तक डूब कर लापता हो गया। साथी को डूबता देख घाट पर खड़ा दोस्त श्याम जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आवाज सुन आसपास के पंडा पुजारी एवं गोताखोर बचाने के लिए प्रयास में जुट गये। उसके डूबने की जानकारी मिलते ही विक्रमजोत कस्बे में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में कस्बे के लोग सरयूघाट पर पहुंचे। देर शाम तक गोताखोर अमित को खोजने में जुटे रहे।
साहिल के पिता श्री प्रकाश कसौधन समीप के फूलडीह गांव में किराना की दुकान चलाते हैं। तीन भाइयों में सबसे छोटा अमित इसी वर्ष अयोध्या के साकेत महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष का एडमिशन लिया था। आज दोपहर टैक्सी से अपने दोस्त श्याम के साथ रामपैडी अयोध्या में स्नान करने की बात कह कर घर से निकला था। वहां पहुंचने के बाद साहिल अपने दोस्त के साथ सरयू नदी में स्नान करने चला गया। जैसे ही पुराने सरयू पुल के पास नदी में नहाने के लिए छलांग लगाया तभी नदी की धारा में चला गया। जल पुलिस प्रभारी रूबे प्रताप मौर्य ने बताया कि तलाश जारी है।