बनकटी/महादेवा। राम मड़ैया महादेवा में आयोजित कार्तिक महोत्सव के 13वें दिन प्रभातफेरी और श्रीराम नाम संकीर्तन के बाद पंडित कृष्ण कुमार शुक्ल ने भगवान विष्णु और जलंधर के युद्ध की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि वृंदा के पतिव्रत धर्म के कारण जालंधर अजेय था। भगवान विष्णु की लीला से वृंदा का पतिव्रत धर्म खंडित होने पर जलंधर की शक्ति समाप्त हुई और उसका अंत हुआ। कथा के माध्यम से सत्य और धर्म की विजय का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आयोजक डॉ. आरपी शुक्ला, जगदंबा शुक्ला, रामू उपाध्याय, बबलू सिंह मौजूद रहे। 27 अक्तूबर से 24 नवंबर तक चल रहे महोत्सव में प्रतिदिन सुबह चार से छह बजे तक राम नाम संकीर्तन और कथा का आयोजन हो रहा है। श्रद्धालु ढोल, मजीरा और हारमोनियम के साथ तीन किलोमीटर की परिधि में प्रभातफेरी करते हैं। पंडित देवी प्रसाद और कृष्ण कुमार शास्त्री ने आरती की। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। संवाद