बस्ती। प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले के लिए परिवहन निगम प्रशासन ने सात स्थानों पर श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था बनाई है, जहां से बस्ती डिपो की 80 बसें श्रद्धालुओं को मेले में पहुंचाएंगी। यह बसें सात से 15 फरवरी तक रोज चलेंगी। लोकल रूट पर शेष 34 निगम व अन्य अनुबंधित बसें यात्रियों को सेवा देंगी।
माघ मेले में संगम तट पर बसी धार्मिक नगरी प्रयागराज में बड़ी संख्या में स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ती है। इनके लिए बड़ी संख्या में बसों की जरूरत होती है। इसके लिए परिवहन निगम ने 80 बसें प्रयागराज तक चलाने का निर्णय लिया है। वापसी में भी बसें तय स्थानों पर रुकेंगी।
गोरखपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से मिले निर्देश के अनुसार माघ मेला के दौरान बस्ती बस स्टेशन परिसर से 20, सीकरीगंज से 25, खलीलाबाद से दो, मुखलिसपुर से 10, मेंहदावल से तीन, उरुवा से 15 व नौसढ़ से 5 बसों को मेला के लिए भेजा जाएगा।
रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार, माघ मेला में दो ऐसे अवसर आएंगे, जब यात्रियों की भीड़ अधिक होगी। एक मौनी अमावस्या और दूसरा बसंत पंचमी है। इस मौके पर अतिरिक्त बसों का भी संचालन करवाया जा सकता है। बस्ती डिपो के सीनियर फोरमैन चंदन लाल ने बताया कि माघ मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।