वाॅकिंग पथ, हरित पट्टी, बेंच, शौचालय, पेयजल आदि की होगी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। शिवाजी नगर वार्ड स्थित तालाब का सुंदरीकरण 30 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। नगर पंचायत की ओर से शासन को भेजे गए डीपीआर पर स्वीकृति मिल चुकी है। वित्तीय मंजूरी के बाद काम शुरू कराने की कवायद शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, नगरीय क्षेत्र के तालाब व झीलों के संरक्षण के लिए सरकार योजना चला रही है। इसी के तहत शिवाजी नगर वार्ड के तालाब को संरक्षित किया जाएगा। तालाब के तट पर मोहर्रम के दिन ताजिया का मेला लगता है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबल मालानी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में आंबेडकर नगर व शिवाजी नगर वार्ड के बीच स्थित लगभग एक हेक्टेयर में फैले तालाब के सुंदरीकरण का डीपीआर भेजा गया था।
सरकार ने इसे स्वीकृत करते हुए 29 लाख 94 हजार रुपये अवमुक्त कर दिए हैं। निर्माण शुरू कराने के लिए 7.5 लाख की पहली किस्त प्राप्त हो चुकी है। तालाब को आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इसके तट पर वाॅकिंग पथ, हरित पट्टी, बेंच, शौचालय, पेयजल आदि की व्यवस्था होगी।