बस्ती। लखनऊ हाईकोर्ट में चपरासी की नौकरी दिलाने के लिए रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाले जालसाज को लालगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने 01.83 लाख रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र डाक से भेज दिया था।
इस संबंध में लालगंज थानाक्षेत्र के बिजवलिया निवासी प्रमेंद्र कुमार गौतम ने तहरीर देकर 23 अगस्त को वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के बेलवाजोर निवासी सुजीत कुमार पर केस दर्ज कराया था। आरोप लगाया कि सुजीत कुमार ने उसे लखनऊ हाईकोर्ट में चपरासी की नौकरी दिलवाने के लिए 12 मई 2022 से लेकर 17 जून 2022 के बीच अलग-अलग तिथियों में बैंक खाते और नकदी के रूप में 1.83 लाख रुपये ले लिए। बाद में एक फर्जी नियुक्ति पत्र उसके पते पर डाक के जरिये भेज दिया। ज्वाइन करने जाने पर पता चला कि वह फर्जी है। इसकी शिकायत करके रुपये मांगने पर 10 महीने तक आरोपी इधसर-उधर की बात करके टरकाता रहा। बाद में वह धमकी देने लगा। एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।