कलवारी। बस्ती टांडा मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र के चमनगंज चौराहे पर मंगलवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल 50 वर्षीय व्यक्ति की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार प्रदीप कुमार यादव निवासी चनगहिया कलवारी एहतमाली थाना कलवारी मंगलवार की रात करीब आठ बजे सामान लेने के लिए गौरा चमनगंज चौराहे पर जा रहे थे। चौराहे से पहले गोदाम के पास कलवारी की तरफ से आ रहे दो पहिया अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गिरकर बेहोश हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें कलवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर ले गए, जहां चिकित्सक ने गंभीर हालत देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय ले जाते समय फुटहिया के पास उनकी मौत हो गई। प्रदीप कुमार ट्रैक्टर के मिस्त्री थे। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि मृतक प्रदीप कुमार के पत्नी कविता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस पंजीकृत कर जांच उपनिरीक्षक रणंजय सिंह को दिया गया है।