गुवाहाटी में खेले गए ऑल इंडिया रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में डबल्स का खिताब जीतने वाली बस्ती
हर्रैया (बस्ती)। कप्तानगंज ब्लाक के खोभा गांव निवासी जूनियर बैडमिंटन खिलाड़ी तनीषा सिंह ने गुवाहाटी में खेले गए योनेक्स सनराइज आल इंडिया रैंकिंग टूर्नामेंट में डबल्स का खिताब जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। बुधवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में तनीषा ने जोड़ीदार कर्णिकाश्री के साथ मिलकर गायत्री रानी व सानिया सिकंदर की जोड़ी को हराकर खिताब पर कब्जा किया।
एशिया कप टूर्नामेंट में चयन के लिए कई चरणों में होने वाली आल इंडिया रैंकिंग टूर्नामेंट के गुवाहाटी में खेले गए पहले चरण में देश भर के खिलाड़ियों के बीच आठवीं वरीयता प्राप्त तनीषा व कर्णिकाश्री की जोड़ी ने बेहतर तालमेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब जीत लिया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी नंदा घोष व मीनाक्षी वीनू की जोड़ी से पहला सेट 20-22 से हारने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए अगले दोनों सेट 21-10 व 25-23 से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। सेमीफाइनल में छठी शीड राधिका शर्मा व तानवी शर्मा की जोड़ी को 19-21,21-10 21-19 से हराकर फाइनल में पहुंची। फाइनल मुकाबले में चौथी रैंक की जोड़ी गायत्री रानी व सानिया सिकंदर को रोमांचक मुकाबले में 21-18,19-21 21-10 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
सिंगल्स मुकाबले में तनीषा प्री क्वार्टर मैच में हार का सामना करना पड़ा था। तनीषा की सफलता पर दादा राम चंद्र सिंह,जनार्दन पांडेय, राजेश प्रकाश श्रीवास्तव, रत्नाकर सिंह, संतोष यादव, फैयाज अहमद, धर्मध्वज सिंह ने प्रसन्न्ता व्यक्त की है।