चौकी इंचार्ज बता रहे मासूम
बस्ती। शहर की सब्जी मंडियों से अक्सर चोरी हो रही मोबाइल चोरों को वैसे तो पुलिस कभी नहीं पकड़ पाई मगर पकड़कर सौंपने के बावजूद कार्रवाई करने में बहानेबाजी हैरान करने वाली है। सोमवार को ऐसा ही हुआ। स्टेडियम गेट सब्जी मंडी में सब्जी खरीद रहे दंपती की मोबाइल लेकर चोरी भागने लगा। लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ा और उसके पास मोबाइल मिली। लोगों ने भाग रहे करीब 12 साल के बाल अपराधी को सिविल लाइंस चौकी के हवाले कर दिया। हालांकि चौकी इंचार्ज की दलील है कि पकड़ा गया बालक मासूम है,उसे मोबाइल गिरी मिली थी।
जानकारी के मुताबिक पिकौरा शिव गुलाम निवासी संतोष पाल अपनी पत्नी के साथ गांव परसांव गए थे। सोमवार को सुबह वापस लौटते समय कचहरी के पास स्थित सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने लगे। तभी एक करीब 12 वर्षीय बालक मैला-कुचैला बोरा लेकर पहुंचा। पाल के अनुसार उन्हें रगड़ते हुए आगे बढ़कर वह भी सब्जी का मोलभाव करने लगा। इसी बीच उनका हाथ जेब पर गया तो मोबाइल गायब थी। शक होने पर वह चोर के पीछे दौड़े। वह तेजी से भागने लगा तो एक मोटरसाइकिल से लिफ्ट लेकर दौड़ाकर उसे पकड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि पकड़ में आते ही उसने अंडरवीयर में खोंसी मोबाइल कूड़े में फेंककर फिर भागने लगा। हालांकि उसे लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।